बलरामपुर. दुल्हन की विदाई करा कर लौट रही स्कॉर्पियों शुक्रवार को डूमरिख नाले के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। इसके चलते उसमें बैठे दूल्हा-दुल्हन सहित सात लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, अखिलेश सिंह की गुरुवार को ही मुक्ति सिंह से शादी हुई थी। जिसके बाद सभी परिवार के लोग दुल्हन की विदाई कराने के बाद शुक्रवार को एक स्कार्पियो में सवार होकर गांव लौट रहे थे। इसी दौरान डुमरिख नाले के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्डे में पलट गई। इसके चलते गाड़ी में बैठे दूल्हा-दुल्हन सहित सात लोग घायल हो गए।
हादसा होते देख स्थानीय लोगों ने सभी को गाड़ी से बाहर निकाला और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। अभी तक यह पता नहीं चल सका है कि बारात लेकर गया परिवार किस गांव का है और शादी कहां हुई है। फिलहाल सभी घायलों का उपचार चल रहा है। वहीं यह बात भी सामने आ रही है कि वाहन चलाने वाले चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था।


