अरनपुर और नीलवाया क्षेत्र से हुई गिरफ्तारी, पकड़े गए नक्सलियों में तीन इनामी
यात्री बस में 16 जनवरी को आगजनी की थी, 30 अक्टूबर को मीडिया पर किया हमला
दंतेवाड़ा. जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से पुलिस ने सोमवार को 6 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए नक्सलियों में तीन पर इनाम घोषित था। वर्ष 2018 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान केंद्र बनाने से भड़के नक्सलियों ने 16 जनवरी को कोसाली कैंप के नजदीक एक यात्री बस में आग लगा दी थी। वहीं 30 अक्टूबर 2018 को चुनाव कवरेज के लिए गई दूरदर्शन की टीम पर हमला कर दिया था। इस हमले में दूरदर्शन के कैमरामैन मारे गए व 2 जवान शहीद हो गए थे।
पकड़े गए नक्सलियों में जनमिलीशिया कमांडर भी शामिल
दरअसल, नक्सल विरोधी अभियान के तहत अरनपुर थाना पुलिस और डीआरजी की संयुक्त टीम बनाई गई है। टीम ने सोमवार को निलावाया क्षेत्र व गीदम साप्ताहिक बाजार से 3-3 नक्सलियों को किया है। पकड़े गए आरोपी कई सालों से नक्सली संगठन से जुड़े हैं, जो नीलावाया, पोटाली,नहाड़ी ककाड़ी इलाके में काम कर रहे थे। पुलिस टीम ने नीलवाया क्षेत्र से जनमिलीशिया सदस्य हुंगा कोर्राम, किशोर माड़वी व सीएनएम सदस्य जोगी कोर्राम को गिरफ्तार किया है। इसमें से हुंगा कोर्राम पर एक लाख रुपए का इनाम है।
इन नक्सलियों ने न्यूज कवरेज करने के लिए दिल्ली से आई दूरदर्शन की टीम पर निलावाया गांव से करीब डेढ़ किमी पहले रोड पर घात लगाकर नक्सलियों ने फायरिंग कर दी थी। इस फायरिंग में टीम के साथ सुरक्षा में लगे (पामगढ़) जिला जांजगीर निवासी एसआई रूद्रप्रताप सिंह व कोसली राहत शिविर में रह रहे सहायक आरक्षक मंगलू मंडावी शहीद हो गए थे। जबकि बलांगीर ओडिशा निवासी डीडी न्यूज के कैमरामैन अच्युतानंद साहू की मौत हो गई थी।
वहीं अरनपुर से प्लाटून सदस्य सुखदेव वेको, जनमिलीशिया कमांडर फगनू अटामी व जनमिलीशिया सदस्य मोटू किसके को पकड़ा है। इनमें से सुखदेव पर दो लाख और फगनू अटामी पर एक लाख रुपए का इनाम है। ये नक्सली स्वयं सहायता समूह नवा कसोली की ओर से संचालित यात्री बस में आगजनी की घटना में शामिल थे। बस जन सुविधा एक्सप्रेस झीरम से 7 यात्रियों को लेकर छिंदनार जा रही थी। बारसुर थाना क्षेत्र में कसोली-छिंदनार के बीच सुबह करीब 8.45 बजे 12 की संख्या में पहुंचे नक्सलियों ने बस रुकवा ली।
