कोतवाली क्षेत्र के झापरा में अवैध संबंधों के शक में हत्या, पति-पत्नी दोनों ही थे शिक्षक
चुनाव ड्यूटी से लौटने के बाद रात को हुआ था विवाद, सुबह नहाती हुई पत्नी पर किया हमला

सुकमा. अवैध संबंधों के शक में एक बार फिर एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी और उसकी पत्नी दोनों ही शिक्षक थे और सरकारी क्वॉर्टर में रहते थे। चुनाव ड्यूटी से लौटने के बाद गुरुवार रात आरोपी का उसकी पत्नी से झगड़ा हुआ था। अगले दिन शुक्रवार सुबह उसने नहा रही पत्नी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। इसके बाद अपने दोनों बच्चों को लेकर करीब 7 किमी दूर कोतवाली पहुंचा और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं दोनों बच्चों को उनके मामा को सौंप दिया गया है।।
सात साल पहले दोनों ने किया था प्रेम विवाह
जानकारी के मुताबिक, झापारा स्थित शिक्षक कॉलोनी के क्वॉर्टर में रह रहे दिनेश तारम (31) शिक्षक है और उसकी पत्नी साधना तारम (27) भी सरकारी स्कूल में पढ़ा रही थी। दोनों को ही एक दूसरे पर अवैध संबंधों को लेकर शक था। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद भी होता रहता था। पहले चरण के चुनाव में गुरुवार को दिनेश की ड्यूटी लगी थी। वह रात को पहुंचा तो फिर किसी बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हुआ। धीरे-धीरे दोनों के बीच विवाद बढ़ता चला गया।
हालांकि उस समय तो दोनों शांत हो गए, लेकिन सुबह जब साधना अंदर आंगन में नहा रही थी, तभी पीछे से कुल्हाड़ी लेकर पहुंचे दिनेश ने उसके सिर पर वार कर दिया। सिर पर चोट लगते ही साधना जमीन पर गिर गई और तड़पने लगी। पूरे आंगन में खून ही खून हो गया। यह सब देखकर घबराया हुआ दिनेश बच्चों को लेकर कोतवाली पहुंच गया। वहां उसने जानकारी दी तो पुलिस भी हैरान रह गई। दिनेश को साथ में लेकर पुलिस उसके घर पहुंची और शव को पंचनामे के लिए भेजा। इसके साथ ही दोनों के परिजनों को सूचना दी गई।
दिनेश तारम और साधन ने वर्ष 2012 में प्रेम विवाह किया था। शादी से पहले से ही दोनों पढ़ा रहे थे और स्कूल में पढ़ाने के दौरान ही एक-दूसरे के करीब आए। शादी के बाद दिनेश सुकमा के पातर स्थित स्कूल में पढ़ा रहा था, जबकि साधना मुलागुढ़ा के स्कूल में शिक्षिका थी। शादी के बाद दोनों के दो बच्चे एक लड़का और एक लड़की भी हुए। साधना के दोरनापाल में शिक्षक भाई के पास दोनों बच्चों को सौंप दिया गया है। बताया जा रहा है कि दिनेश शराब पीने का भी आदी हो गया था। इसके चलते भी साधना से उसके झगड़े होते थे।