समय दर्शन :- नक्सली खुद को कमजोर पड़ता देख एनकाउंटर में मारे गए साथियों को छोड़कर भाग गए। सुकमा . सुकमा के पुसपाल थाना क्षेत्र में सोमवार शाम 5:30 बजे डीआरजी जवानों ने 2 नक्सलियों को ढेर कर दिया। नक्सलियों की शिनाख्त बीजापुर निवासी मीतू और जोगा के रूप में हुई है। सुकमा एसपी अभिषेक मीना ने बताया कि मृतक कांगेर वैली एरिया कमेटी के मिलिशिया प्लाटून नंबर 31 के सदस्य थे। वहीं, बीजापुर में नक्सल हमले में कोबरा बटालियन के 5 जवान घायल हो गए।


डीआईजी आलोक अवस्थी ने दावा किया कि इस मुठभेड़ में 8 से 10 नक्सली मारे गए हैं। चिंतलनार मतदान केंद्र में वोटिंग खत्म होने के बाद मतदान दल सीएएफ के जवानों के साथ पुसपाल थाना की ओर लौट रहे थे। इन्हें कवर करने डीआरजी जवानों की टुकड़ी अलग से भेजी गई थी।
शाम 5:30 बजे डीआरजी और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। 25 मिनट तक दोनों ओर से फायरिंग हुई। इसके बाद नक्सली खुद को कमजोर पड़ता देख एनकाउंटर में मारे गए साथियों को छोड़कर भाग गए। मुठभेड़ स्थल की सर्चिंग के दौरान जवानों ने 2 नक्सली के शव बरामद किए। दोनों नक्सली के पास से कोई हथियार नहीं मिला। एसपी मीना ने बताया कि मतदान दल और उनकी सुरक्षा में तैनात सीएएफ जवानों की टुकड़ी एनकाउंटर स्थल से काफी दूर थी।