Chhattisgarh

कांग्रेस सत्ता के लालच में इतने नीचे स्तर तक जा सकती है, मैंने सोचा नहीं था- रमन

कांकेर।विकास यात्रा के पहले चरण में बुधवार को सीएम बचेली से हेलीकॉप्टर के जरिए कांकेर के अंतागढ़ विधानसभा में पहुंचे। यहां आम सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नक्सलियों को विकास पचता नहीं है और कांग्रेसियों को दिखता नहीं है। नक्सली आए दिन सड़क और पुल उड़ा देते हैं। वहीं कांग्रेस के लोग विकास खोजने निकले हैं। इधर कांग्रेस की ओर से विकास यात्रा को लेकर हाईकोर्ट में लगाई गई याचिका के संबंध में हाईकोर्ट के वेकेशन बेंच के फैसले पर सीएम ने कहा कि वे कोर्ट का सम्मान करते हैं। चरामा में जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जनता के विकास से जुड़ी इस यात्रा को रोकने के लिए कांग्रेस के लोग प्रयास कर रहे हैं। सीडी बनाकर लोगों की चरित्र हत्या करने वाली पार्टी सत्ता के लालच में इतना गिर जाएगी कि ये मैंने सोचा नहीं था।

60 करोड़ का भूमिपूजन और लोकार्पण होगा

– सीएम ने कहा कि इ यात्रा में वे अंतागढ़ में विधान सभा में 60 करोड़ के भूमि पूजन, लोकार्पण के अलावा अन्य सौगात देने आए हैं। जिनको गैस सिलेंडर और चूल्हा नहीं मिला है उनका भी नाम सूची में आ चुका है। कोई छूटेगा नहीं। सभी को गैस सिलेंडर और चूल्हा दिया जाएगा।

– सीएम ने कहा कि वे यहां की जनता को धन्यवाद देने आए हैं कि 15 साल तक उन्हें सेवा का अवसर दिया। उन्होंने अगले चुनाव के लिए जनता से उनका आशीर्वाद मांगा और दावा किया कि इससे 4 गुना ज्यादा विकास करके दिखाएंगे।

– कांग्रेस के शासन काल में अंतागढ़ में भूखमरी और भय था। माएं बच्चों को भूखा पेट सुलाने पर मजबूर थीं। रात भर बच्चों को देखकर रोती रहती थीं। बीजेपी ने पहले उनके भोजन के अधिकार को दिया। 1 रुपया किलो चावल, नमक और चना दिया। अब यहां के लोगों का जीवन स्तर पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा बदल गया है।

पहले शाम 5 बजे तक बंद हो जाता था बाजार

सीएम ने कहा कि 2003 और उससे पहले यहां इलाके में काफी भय और आतंक का माहौल था। शाम 5 बजते ही बाजार बंद हो जाते थे। नक्सली नहीं चाहते कि क्षेत्र में उजाला हो। बिजली आए, पुल बने, सड़क बने, लोगों को आवागमन सुलभ हो। वे अंधेरा चाहते हैं क्योंकि अंधेरे में ही उनका राज चलता है।

– आखिर सरकार से उनको दिक्कत क्या है? हम लोगों को विकास के पथ पर लेकर जा रहे हैं। सड़क बना रहे हैं, पुल बना रहे हैं। अस्पताल बना रहे हैं। शिक्षण संस्थान बना रहे हैं। नक्सलियों को ये सब पचता क्यों नहीं है?

– भनुप्रतापपुर तक रेल आ चुकी है। जल्द ही अंतागढ़ तक आएगी। यहां के लोग विकास से जुड़ रहे हैं।

हमारी योजनाओं का क्रेडिट लेते हैं कांग्रेस के विधायक

कांग्रेस के विधायक अक्सर कई मंचों पर हमारी योजनाओं का क्रेडिट लेते हैं। उन्हें बता देना चाहता हूं कि न तो उनकी दिल्ली में सरकार है और न ही छत्तीसगढ़ में। पैसा कहां से लाएंगे योजनाओं के लिए।

– कांग्रेस सरकार ने 60 सालों में जितने इंदिरा आवास बनाए हैं उससे दोगुना महज 6 साल के भीतर बीजेपी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास बनाए हैं।

आज की यात्रा का शेड्यूल

अंतागढ़ में आमसभा के बाद कांकेर विधान सभा के चरामा में 2:00 से 2:30 बजे तक स्वागत कार्यक्रम होगा। यहां से रथ से 9 किमी दूर संजारी बालोद विधान सभा के कोचवाही पहुंचेंगे। यहां 2:45 से 3:15 तक स्वागत सभा होगी। यहां से रथ से 14 किमी दूर जगतरा में 3:35 से 3:55 तक स्वागत कार्यक्रम होगा। इसके बाद यहां से 7 किमी दूर बालोद गहन में 4:05 से 4:25 तक स्वागत कार्यक्रम होगा। यहां से 5 किमी दूर पुरूर चौक पर स्वागत सभा होगी। यहां से 10 किमी दूर धमतरी विधानसभा में रोड शो, आम सभा और रात्रि विश्राम होगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *