- कांग्रेस पीपीपी (पंजाब, पुदुचेरी और परिवार की पार्टी) तक सीमित हो गई है।
- राहुल यहां कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग देने नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ का विकास देखने आए हैं।
रायपुर। विकास यात्रा के पहले चरण में शुक्रवार को सीएम डॉ. रमन सिंह कोरबा जिले के रामपुर विधानसभा के करतला में पहुंचे। आम सभा में लोगों को संबोधित करते हुए सीएम बोले कि यहां कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग देने आए हैं। इनकी टीम लगातार हार रही है। देश के 75 प्रतिशत हिस्से से कांग्रेस साफ हो गई है। जो शख्स अपनी सीट अमेठी नहीं बचा सका। जो दिल्ली में रहते हुए दिल्ली की सीट नहीं बचा सका, जिसके हाथ से असम, बिहार, गोवा की सीट निकल गई ऐसे कोच से ट्रेनिंग लेने का क्या फायदा। मुझे तो लगता है कि कांग्रेस के लोगों को अपना कोच बदल लेना चाहिए। इस मौके पर सीएम ने रामपुर की जनता को 183 करोड़ 90 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। कार्यक्रम में सांसद डॉ. बंसीलाल महतो और संसदीय सचिव लखनलाल देवांगन भी मौजूद थे।

– आम सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि देश के 22 राज्यों में बीजेपी की सरकार है। लगभग पूरे देश में कमल ही कमल खिल गया है। कांग्रेस की मानसिकता विकास विरोधी की है। यही वजह है कि लोग बीजेपी को मौका दे रहे हैं। हम विकास यात्रा निकाल रहे हैं तो वे विकास ढूंढ रहे हैं। जब कांग्रेस की सरकार थी तो भय और आतंक का माहौल था। भूख, भ्रष्टाचार और पलायन था। इसलिए जनता ने बीजेपी को चुना।
– अज करतला में सड़कों का जाल बिछ गया है। 40 हजार बहनों को गैस सिलेंडर मिल चुका है और 40 हजार को और मिलना है। किसानों को बोनस मिल रहा है। भारत इंटरनेट परियोजना के तहत अगले 4 महीने में 3 हजार 400 किमी केबल बिछाने का काम होगा। 5 लाख स्मार्ट फोन बांटे जाएंगे जिसके लिए अगले महीने से रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा। बिलासपुर के धरमजयगढ़ से रांची तक सुपर एक्सप्रेस हाइवे बन रहा है। इसका लाभ भी करतला के लोगों को मिलेगा।
– कार्यक्रम में मंत्री अमर अग्रवाल, हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, जिला अध्यक्ष अशोक चावलानी, समेत पूर्व गृह मंत्री ननकी राम कंवर, खाद्य आयोग के अध्यक्ष ज्योतिनंद दुबे भी मंच पर मौजूद हैं।
कांग्रेस के पेट में क्यों हो रहा है दर्द ?
–डॉ. रमन सिंह ने कहा कि जब बीजेपी विकास का काम करती है तो कांग्रेसियों के पेट में दर्द होता है। उन्होंने जनता से पूछा कि कांग्रेस ने 50-60 सालों तक शासन किया। क्या गरीबों को 1 रुपए किलो चावल दिया। नमक और चना दिया। वे गरीबी हटाओ का नारा तो लगाते हैं पर क्या एक भी योजना गरीबों के लिए बनाई?
– मैं यदि 1700 करोड़ रुपए का बोनस किसानों को देता हूं तो उनके पेट में दर्द क्यों होता है। कांग्रेस पार्टी के कार्यकाल में किसानों को 14-15 प्रतिशत ब्याज पर कर्ज दिया जाता था। हमने जीरो इंट्रेस्ट कर दिया तो इससे भी कांग्रेस को दिक्कत है। रमन सिंह ने करतला की जनता से तेंदुपत्ता बोनस, चरणपादुका योजना, आयुष्मान भारत योजना को बताने के साथ अगले 4 महीने में हर घर में बिजली दिलाने की बात की।
राहुल छत्तीसगढ़ का विकास देखने आए हैं
– सुनने में आया कि यहां राहुल गांधी अपने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देने आए हैं। मैं कहता हूं कि वो यहां का विकास देखने आए हैं। विकास देखना है तो वे करतला भी आ जाएं। 60 साल में यदि कांग्रेस पार्टी ने विकास का काम किया होता तो आज विकास खोजने का काम नहीं करना पड़ता।
– सीएम ने विकास यात्रा की शुरुआत 12 मई को दंतेवाड़ा से की थी। मां दंतेश्वरी की पूजा करने के बाद के इन्होंने आम सभा की। इस दौरान यात्रा को केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने हरी झंडी दी थी। सीएम अभी तक दंतेवाड़ा विधानसभा, चित्रकोट विधानसभा के बड़ेकिलेपाल, तोकापाल, जगदलपुर विधानसभा के केशलूर, जगदलपुर विधानसभा, कोंटा विधानसभा के गादीरास में, नारायणपुर विधानसभा में, नारायणपुर विधान सभा के भानपुरी में, कोंडागांव विधानसभा के दहीकोंगा में, बनियागांव, कोंडागांव में, केशकाल विधान सभा के फरसगांव में, केशकाल में, कांकेर विधानसभा में विकास रथ के साथ पहुंच चुके हैं।
आज का कार्यक्रम
– 17 मई को रायपुर से हेलीकॉप्टर से 229 किमी दूर रामपुर विधानसभा में करतला में पहुंचेंगे जहां 11:30 से 1:00 बजे तक आम सभा और इसके बाद लंच का कार्यक्रम है। यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए 118 किमी दूर मनेंद्रगढ़ विधानसभा के खंडगंवा पहुंचेंगे जहां 2:00 से 2:30 बजे तक स्वागत सभा होगी। यहां से रथ से 7 किमी दूर अखराडांड में 2:40 से 3:00 बजे तक स्वागत कार्यक्रम है। इसके बाद रथ से 9 किमी दूर दुबछाल पहुंचेंगे जहां 3:15-3:45 बजे तक स्वागत कार्यक्रम होगा। यहां से रथ से चिरमिरी पहुंचेंगे जहां रोड शो, आम सभा और रात्रि विश्राम होगा।
