रायपुर. रेगिस्तान से आई सूखी हवा राजधानी में गर्मी बढ़ाने लगी है और दोपहर का तापमान एक बार फिर 42 डिग्री के पार हो गया है। शनिवार के मुकाबले यह 1 डिग्री बढ़ा है। मौसम विभाग ने सोमवार को तेज गर्मी पड़ने और तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने के आसार जताए हैं।

– विशेषज्ञों ने कहा कि पश्चिम की हवा का असर तीन-चार दिन और रहेगा, इसलिए गर्मी और बढ़ेगी। राजस्थान की ओर से आ रही हवा के असर से प्रदेश का उत्तरी हिस्सा तपने लगा है। बिलासपुर प्रदेश में सबसे गर्म है। वहां रविवार को दोपहर का तापमान 43.6 डिग्री पहुंच गया और लू के हालात पैदा हो गए। रायपुर में भी एक-दो दिन में यह स्थिति बन जाएगी। आमतौर से ठंडा रहनेवाला इलाका पेंड्रा भी तप रहा है और तापमान 41 डिग्री से अधिक हो गया है।
– राजधानी से लगे दुर्ग और राजनांदगांव भी गर्म हैं और तापमान 42 डिग्री के आसपास हैं। राजधानी में भी सुबह से तेज गर्मी महसूस हो रही थी। दोपहर करीब ढाई बजे तापमान 42.3 डिग्री तक पहुंच गया। यह सामान्य से एक डिग्री अधिक है।
– पश्चिमी राजस्थान से उत्तरी छत्तीसगढ़ तक करीब डेढ़ किलोमीटर की ऊंचाई में ऊपरी हवा में एक चक्रवात बना है। इसकी वजह से समुद्र से कुछ नमी आने के कारण राजधानी में शाम या रात को हल्के बादल आ सकते हैं। दक्षिणी हिस्से में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना भी विशेषज्ञों ने जताई है।

